उत्तराखंड

बदरीनाथ धाम चढ़ावा विवाद: हाईकोर्ट पहुंचा मामला, आस्था बनाम जवाबदेही पर उठे बड़े सवाल…

आस्था बनाम जवाबदेही, क्या करोड़ों श्रद्धालुओं के भरोसे की परीक्षा बन गया है यह मामला...?

देहरादून- देश के सबसे प्रतिष्ठित तीर्थस्थलों में शामिल श्री बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित हेराफेरी का मामला अब प्रशासनिक जांच से आगे बढ़कर न्यायालय की चौखट तक पहुंच गया है। निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल ने अपने निलंबन और दर्ज एफआईआर को उत्तराखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी है। हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति से जवाब तलब करते हुए मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई तय की है। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा सवाल किसी एक कर्मचारी तक सीमित नहीं है। सवाल यह है कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े चढ़ावे की सुरक्षा और पारदर्शिता का मौजूदा सिस्टम कितना भरोसेमंद है..?

सोशल मीडिया के आरोपों से शुरू हुआ मामला, जांच में बदली तस्वीर

चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोप पहले सोशल मीडिया के जरिए सामने आए। इसके बाद श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने तत्काल चार सदस्यीय जांच समिति गठित की। समिति ने चढ़ावे की गिनती में लगे कर्मचारियों से जवाब मांगा, सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की और पूरे घटनाक्रम की आंतरिक पड़ताल कराई। प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया।

एफआईआर, पुलिस जांच और अब एसआईटी की कार्रवाई

प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के बाद बदरीनाथ थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अब विशेष जांच दल (SIT) मंदिर समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज कर रहा है तथा सीसीटीवी फुटेज और अन्य रिकॉर्ड जुटा रहा है ताकि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच हो सके।

सरकार भी सख्त, मुख्यमंत्री ने बनाई उच्चस्तरीय समिति

मामले ने तूल पकड़ने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे गंभीर मानते हुए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की। सरकार का कहना है कि श्रद्धालुओं के चढ़ावे की सुरक्षा और मंदिरों की वित्तीय पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अब अदालत में होगी कानूनी परीक्षा

इस बीच निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर निलंबन और एफआईआर दोनों को चुनौती दी है। हाईकोर्ट ने सरकार और मंदिर समिति से जवाब मांगा है। 16 जुलाई की सुनवाई इस मामले की कानूनी दिशा तय करने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सबसे बड़ा सवाल सिस्टम पर

बदरीनाथ धाम में हर वर्ष करोड़ों श्रद्धालु दर्शन के साथ दान और चढ़ावा अर्पित करते हैं। ऐसे में यह मामला केवल कथित वित्तीय अनियमितता का नहीं, बल्कि उस विश्वास का है जिस पर देश की धार्मिक संस्थाएं खड़ी हैं।

  • यह प्रकरण कई अहम सवाल छोड़ रहा है— क्या मंदिरों में चढ़ावे की गिनती पूरी तरह पारदर्शी है?
  • क्या सीसीटीवी निगरानी और डिजिटल ऑडिट जैसी व्यवस्थाएं पर्याप्त हैं?
  • क्या नियमित स्वतंत्र ऑडिट की व्यवस्था होनी चाहिए?
  • और सबसे अहम, क्या इस घटना के बाद देश के प्रमुख मंदिरों में चढ़ावे के प्रबंधन की व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा.?

इन सवालों के जवाब फिलहाल जांच एजेंसियों, सरकार और न्यायालय की प्रक्रिया से निकलने बाकी हैं। लेकिन इतना तय है कि बदरीनाथ धाम का यह मामला केवल एक कर्मचारी पर लगे आरोपों तक सीमित नहीं रहा। यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, मंदिर प्रशासन की जवाबदेही और धार्मिक संस्थानों में पारदर्शिता की एक बड़ी परीक्षा बन चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button