हल्द्वानी- नैनीताल जिले के हल्द्वानी में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की जान चली गई। तीनपानी-गौलापार बाईपास फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार और बेकाबू स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार चार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवकों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई, जबकि चौथे युवक ने इलाज के दौरान देर रात दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों घायलों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने राहुल राजपूत, शिवम और अंशु आर्य को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आदित्य टम्टा को आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन रात करीब एक बजे उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 17 वर्षीय राहुल राजपूत, 25 वर्षीय शिवम, 20 वर्षीय अंशु आर्य और 18 वर्षीय आदित्य टम्टा के रूप में हुई है। चारों गोरापड़ाव क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चारों युवक स्कूटी पर सवार थे, तभी लालकुआं की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।



