उत्तराखंडराजनीति

भाजपा की संगठनात्मक कार्यशाला में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर मंथन…

मतदाता सूची शुद्धिकरण और 2027 की तैयारियों पर फोकस

भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड की ओर से रविवार को देहरादून के एक निजी होटल में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने और कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न प्रपत्रों की जानकारी देना रहा।

बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का दूसरा चरण शुरू हो चुका है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जो पात्र मतदाता अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनके नाम अधिकतम संख्या में जोड़े जाएं। इसके लिए कार्यकर्ताओं को फॉर्म-6 सही तरीके से भरने का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही फॉर्म-7 के माध्यम से मतदाता सूची में यदि किसी का नाम गलत तरीके से दर्ज हुआ है, तो उसे हटाने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी की यह बैठक भारत के लोकतंत्र को मजबूत बनाने और चुनाव आयोग की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सहयोग देने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने के अपने दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेगी।

बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आगामी चुनावों की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और मतदाता संपर्क अभियान को तेज करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा सरकार सेवा, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा संगठन और सरकार के बेहतर समन्वय से प्रदेश को विकास के नए आयाम दिए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button